सिडनी, 15 अक्टूबर 09
माइकल क्लार्क को ऑस्ट्रेलियाई ट्वेंटी 20 टीम का कप्तान बनाया गया है। टेस्ट तथा वनडे कप्तान रिकी पोंटिंग के क्रिकेट के सबसे संक्षिप्त स्वरूप से संन्यास के बाद क्लार्क को यह नई जिम्मेदारी मिली है।
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को इस बात की घोषणा की। ट्वेंटी 20 की उपकप्तानी कैमरून व्हाइट को दी गई है। क्लार्क और व्हाइट के चयन को लेकर सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा, 'क्लार्क में टीम को नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता है। मैं इस बात से खुश हूं कि उनके नायब व्हाइट भी उतने ही काबिल हैं। उप कप्तानी के लिए ब्रैड हेडिन और माइकल हसी भी दावेदार थे लेकिन सीए को लगा कि व्हाइट इस पद के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति है।' क्लार्क ने तीन ट्वंटी 20 और 15 एक दिवसीय मैचों में आस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी की है। उनके सामने अगले साल वेस्टइंडीज में होने वाले ट्वंटी 20 विश्व कप में अपनी टीम को जीत दिलाने की चुनौती होगी। इस साल इंग्लैंड में आयोजित विश्व कप में आस्ट्रेलियाई टीम ग्रुप स्तर से ही बाहर हो गई थी।
क्लार्क ने कहा, 'मैंने पोंटिंग से काफी कुछ सीखा है। मैं उस अनुभव को अपनी कप्तानी में उतराने का प्रयास करूंगा। हम इस साल इंग्लैंड में आयोजित विश्व कप से निराशाजनक रूप से बाहर हो गए थे। मैं उस निराशा को खुशी में बदलना चाहता हूं और इसके लिए मेरे मन में एक रणनीति भी है। आने वाले दिनों में मैं उसे हकीकत में तब्दील करने का प्रयास करूंगा।' वहीं दूसरी ओर सीए ने चयन समिति में बदलाव की संभावना को विराम देते हुए मौजूदा अध्यक्ष एंड्रयू हिल्डिच का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया है।
हिल्डिच 2011 विश्व कप के अंत तक चयन समिति के प्रमुख बने रहेगे। इस तरह हिल्डिच चयन प्रमुख के तौर पर पांच साल का कार्यकाल पूरा कर लेंगे। उनकी नियुक्ति 2006 में हुई थी। पिछले दिनों एशेज सीरीज में आस्ट्रेलिया की हार के बाद हिल्डिच को हटाए जाने की आशंका जताई जा रही थी। चयन प्रमुख पद की दौड़ में पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड बून, तेज गेंदबाज मर्व ह्यूज और जिमी कॉक्स शामिल थे लेकिन सीए ने एक बार फिर हिल्डिच पर ही भरोसा जताया।
सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा, 'आस्ट्रेलियाई टीम बदलाव की प्रक्रिया में है। चैंपियंस ट्राफी जीतकर उसने यह साबित भी किया है। ऐसे में चयन समिति में किसी बेहद जिम्मेदार व्यक्ति को रहना चाहिए। हिल्डिच इसके लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति है।' |