मेलबर्न: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने वेस्टइंडीज में खिलाड़ियों के विवाद का हल निकलने का स्वागत किया है। यह हल निकलने के बाद सीए को उम्मीद है कि अगले महीने वेस्टइंडीज की मजबूत टीम ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) और वेस्टइंडीज खिलाड़ी संघ (डब्ल्यूआईपीए) ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि वेतन और अनुबंध मुद्दे से जुड़े खिलाड़ियों के लगभग सभी मुद्दों को अब सुलझा लिया गया है। खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच विवाद के बाद कप्तान क्रिस गेल, शिवनारायण चंद्रपाल और रामनरेश सरवन जैसे चोटी के खिलाड़ियों ने टीम में खेलने से इंकार कर दिया था। इसके बाद टीम को जुलाई में बांग्लादेश ने टेस्ट और वनडे सीरीज में हराया था। इस बात की भी संभावना जताई जा रही थी कि अगर विवाद का हल नहीं निकलता, तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वेस्टइंडीज की कमजोर टीम जा सकती है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस विवाद का हल निकलने का स्वागत किया है। सीए के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने एक बयान में कहा, 'हमने इसकी पुष्टि करने को कहा है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट और हाल में हफ्तों में हमने जो कुछ सुना वह उत्साहवर्धक है।' उन्होंने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को मुकाबला है और हम वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीजों को लेकर उत्सुक हैं।' |