गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), 15 अक्टूबर 09
गाजियाबाद इन दिनों बहुत खुश है। आखिर हो भी क्यों न, इलाके का एक ओर नौजवान टीम इंडिया के लिए खेलने को तैयार है। जी हां, हम बात कर रहे हैं तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी की। सुरेश रैना के बाद अब त्यागी का भारतीय क्रिकेट टीम में चयन होने पर गाजियाबाद में जहां जश्न का माहौल है, वहीं सुदीप के घर शास्त्रीनगर पर तो जैसे मेला लगा है।
सुदीप को अपने चयन की खबर टीवी से मिली। इसके बाद ही घर में दीपावली से पहले ही दीपावली माहौल हो गया। घरवाले खुश होकर मिठाइयां बांटने लगे। सुदीप ने प्रारंभिक शिक्षा शास्त्रीनगर स्थित नेहरू पब्लिक स्कूल से ली। वर्तमान में वे मेरठ कालेज, मेरठ से बी.काम द्वितीय वर्ष की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सुदीप त्यागी की मां शशी प्रभा अपने बेटे के भारतीय क्रिकेट टीम में चयन से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा सुदीप का ध्यान बचपन से ही क्रिकेट की तरफ था। वह गेंद ही मांगता था। |