नई दिल्ली, 15 अक्टूबर, 09
बीसीसीआई ने भारतीय गेंदबाजी कोच वेंकटेश प्रसाद और क्षेत्ररक्षण कोच रोबिन सिंह को ट्वेंटी 20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में मिली हार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए बर्खास्त कर दिया है।
भारत के पूर्व गेंदबाजी विशेषज्ञ वेंकटेश प्रसाद को हालांकि इस बात की कोई जानकारी नहीं है और उन्हें बीसीसीआई की तरफ से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा, 'मुझे इस बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है लेकिन अगर यह सच है तो मैं बहुत ही निराश हूं और मुझे गहरा धक्का लगा है।' उन्होंने कहा, 'मैंने बिना किसी संदेह के अपनी क्षमता के हिसाब से भारतीय टीम के लिए काम किया है। मैं बीसीसीआई से बात करने की कोशिश कर रहा हूं और यह जानने की कोशिश कर रहा हूं कि मैंने ऐसा क्या गलत कर दिया जो उन्हें इस तरह का फैसला लेना पड़ा।'
इस फैसले पर बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर व बोर्ड सचिव एन श्रीनिवासन ने मुहर लगाई। बोर्ड ने यह सूचना इन दोनों को न देकर एक खेल वेबसाइट को दी। इस फैसले में भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी व कोच गैरी कर्स्टन की कोई भूमिका नहीं है। बोर्ड ने यह फैसला भारतीय टीम के आईसीसी ट्वंटी-20 विश्व कप और आईसीसी चैंपियंस ट्राफी में खराब प्रदर्शन को देखते हुए लिया। बोर्ड ने कहा कि इन दोनों पदों के लिए जल्द ही आवेदन दिया जाएगा।
|