CricKhabar.Com
टीम इंडिया
यूसुफ बना सकते हैं इरफान के लिए राष्‍ट्रीय टीम में जगह
यूसुफ पठान पिछले काफी अर्से से उस उम्‍मीद पर खरे नहीं उतर पार रहे हैं, ऐसे मे लग रहा है कि ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से उन्‍हें बाहर बैठना पड़ सकता है और उनकी जगह उनके छोटे भाई इरफान पठान को दी जा सकती है।
यूसुफ बना सकते हैं इरफान के लिए जगह

चेन्नई, 14 अक्‍टूबर 09

इरफान पठान एक समय भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का सबसे खतरनाक तीर थे। एक दौर था जब उनकी तुलना वसीम अकरम से की जाती थी। लेकिन, अब पठान टीम से बाहर हैं। अब उम्‍मीद जताई जा रही है कि इरफान को ऑस्‍ट्रेलियाई के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि इसकी कीमत उनके अपने भाई यूसुफ पठान को चुकानी पड़ सकती है। कंधे की चोट से उबर चुके सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की भारतीय टीम में वापसी लगभग तय है। 25 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए टीम का चयन गुरुवार को किया जाएगा।

सहवाग कंधे की चोट के कारण पिछले काफी अर्से से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर थे। वे इंग्लैंड के हुए ट्वेंटी-20 विश्व कप तथा दक्षिण अफ्रीका में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में भी नहीं खेल पाए थे। हालांकि, दाएं हाथ के इस आक्रामक सलामी बल्‍लेबाज राष्ट्रीय टीम में वापसी तय मानी जा रही है। गुरुवार को श्रीकांत और राष्ट्रीय सीनियर चयन समिति के उनके साथी आस्ट्रेलिया के खिलाफ सात एक दिवसीय मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम का चयन करेंगे।

ऑलराउंडर यूसुफ पठान पर टीम से बाहर होने का खतरा है, विशेषकर तब जब अंगुली की चोट के बाद युवराज सिंह की भी टीम में वापसी हो सकती है। युवराज अंगुली की चोट के कारण चैंपियंस ट्राफी में नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआई को अभी तक बेंगलूर की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में युवराज के फिटनेस टेस्ट की रिपोर्ट नहीं मिली है लेकिन सूत्रों ने बताया कि अगर वह फिट होते हैं तो टीम में उनकी वापसी होगी। चयनकर्ताओं को राहुल द्रविड़ के भविष्य पर भी फैसला करना होगा जिनकी दो साल बाद टीम में वापसी हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक चयनकर्ता तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को भी टीम में बाहर करके उनकी जगह उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी को मौका दे सकते हैं। इस बीच कंधे की चोट से उबर रहे तेज गेंदबाज जहीर खान ने खुद को मैच स्थिति में फिट साबित नहीं किया है और इसलिए वह टीम में चयन की दावेदारी में नहीं है। त्यागी के अलावा अभिषेक नायर को भी वडोदरा [25 अक्टूबर] और नागपुर (28 अक्टूबर) में होने वाले मैचों में मौका मिल सकता है। चयन समिति गेंदबाजों की रोटेशन करने का भी सुझाव दे सकती है।

एक चयनकर्ता ने कहा, 'हम हमेशा राष्ट्रीय टीम के लिए कोचों के कोर ग्रुप के आकलन के मुताबिक चलते हैं और हमें लगता है कि हमारी तीन ग्रेड की अनुबंध प्रणाली में युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।' उन्होंने कहा, 'हमें यह भी लगता है कि गेंदबाजी विभाग में हमें खिलाड़ियों को रोटेट करने की जरूरत है।' स्पिन विभाग में भारतीय आक्रमण की अगुवाई हरभजन सिंह करेंगे जबकि सात मैचों की सीरीज के दौरान अमित मिश्रा और प्रज्ञान ओझा को भी मौका मिल सकता है।

User Comments
Bookmark and Share
 
Currently no comments posted. Be the first one to post a comment.


OUR NETWORK
About Us  |  Contact Us  |  Feedback  |  Advertise With Us  |  Disclaimer  |  Careers
 
© CricKhabar.Com 2008 All right Reserved
mediaguru.in iplnewsonline.com mediamughals.com cricfield.com Live Score Features PhotoGallery Fixture