बेंगलूर, 17 अक्टूबर 09
बेंगलूर को सुपर आठ चरण में लीग बी के मैच में विक्टोरिया ने हराया था। दिल्ली डेयरडेविल्स को हराने के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। कुंबले ने मैच के बाद कहा, 'हमने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेला लेकिन एक मैच में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा। विक्टोरिया बुशरेंजर्स से हार हमें महंगी पड़ी।' अपना 39वां जन्मदिन मनाने वाले कुंबले ने 65 रन की पारी खेलने वाले रास टेलर की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हम भले ही प्रतिष्ठा के लिए खेल रहे थे लेकिन जन्मदिन का यह बेहतरीन तोहफा था। रास ने अद्भुत पारी खेलकर जीत दिलाई। राहुल द्रविड़ और विराट कोहली ने भी योगदान दिया।' कुंबले ने कहा, 'घरेलू दर्शकों के सामने जीतना सुखद था। भले ही हम इस मैच से पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर थे लेकिन काफी दर्शक मैदान पर उमड़े।'
दिल्ली के कप्तान गौतम गंभीर ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को 30-40 रन और बनाना चाहिए थे। उन्होंने कहा, 'जब वीरेंद्र सहवाग बल्लेबाजी कर रहे थे तो हमें लगा कि हम 170 रन बना लेंगे लेकिन हम 30-40 रन पीछे रह गए। रास ने बेहतरीन बल्लेबाजी करके हमसे मैच पूरी तरह छीन लिया। उनके स्पिनरों ने भी अच्छी गेंदबाजी की।' टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद गंभीर ने कहा, 'हमारी टीम सोमवार को सुपर आठ चरण के आखिरी मैच में केप कोबराज के खिलाफ जीतने के लिए खेलेगी।'
|