सेंचुरियन: शेन वाटसन [नाबाद 105] के लगातार दूसरे शतक की बदौलत विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया ने अजेय अभियान को कायम रखते हुए चैंपियंस ट्राफी में लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। सोमवार को हुए खिताबी जंग में कंगारूओं ने न्यूजीलैंड को आसान मुकाबले में छह विकेट से हराकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी।
मात्र छह रन पर दो विकेट गंवाने के बाद आस्ट्रेलिया ने शेन वाटसन के साहसिक शतक और तीसरे विकेट के लिए कैमरून व्हाइट [62] के साथ हुई शतकीय साझेदारी बदौलत 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर 206 बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पूर्व घायल खिलाड़ियों से जूझ रही कीवी टीम 50 ओवर में नौ विकेट खोकर मात्र 200 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि नेल ब्रूम ने 37 और जेम्स फ्रेंकलिन ने 33 रन का योगदान दिया। आस्ट्रेलिया के लिए नाथन हाउरित्ज ने 37 रन देकर तीन तथा ब्रेट ली ने 45 रन देकर दो विकेट लिए।
आसान लक्ष्य के आगे आस्ट्रेलिया की शुरुआत भी आश्चर्यजनक ढंग से बहुत ही धीमी रही। काइल मिल्स व शेन बांड के अनुशासित गेंदबाजी के आगे 14 ओवर के खेल में कंगारू दो रन के औसत के लिए जूझते नजर आए। सलामी बल्लेबाज टिम पैने [1] के रूप में आस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। बाड की गेंद पर पैने रोस टेलर के हाथों लपके गए। उनका स्थान लेने आए कप्तान रिकी पोंटिंग [1] भी जल्द ही चलते बने। उन्हें मिल्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
मात्र छह रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी दिख रहे आस्ट्रेलिया के लिए वाटसन और व्हाइट टीम के खेवनहार साबित हुए। संयम के साथ खेलते हुए दोनों ने कीवी के तेज प्रहारों का डटकर सामना किया फिर अपना प्रहार करना शुरू कर दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाने के साथ-साथ अर्धशतक भी जड़ा। वाटसन धीरे-धीरे ज्यादा मुखर होने लगे और मैदानी व हवाई शाट भी लगाए। व्हाइट मिल्स की गेंद पर बोल्ड आउट हुए। जिस समय व्हाइट आउट हुए उस समय टीम संकट से उबर चुकी थी।
इससे पूर्व विटोरी को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अंतिम समय पर बाहर होना पड़ा। उनके स्थान पर कप्तानी का दायित्व संभालने वाले ब्रैंडन मैक्कुलम पर अतिरिक्त जिम्मेदारी का दबाव दिखा जिससे टास जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे न्यूजीलैंड को निराशाजनक शुरुआत मिली। ली और पीटर सिडल ने शुरू में ही बल्लेबाजों पर लगाम कस दी। न्यूजीलैंड पावरप्ले के पहले 15 ओवर में केवल पांच बार गेंद सीमा रेखा पार भेज पाया और इस दौरान उसने एक विकेट के एवज में 50 रन बनाए। मैक्कुलम शुरू से जूझते रहे और 14 गेंद का सामना करने के बावजूद खाता खोलने में नाकाम रहे। उन्होंने सिडल की उठती गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन को कैच थमाया।
गुप्टिल और एरोन रेडमंड [26] ने इसके बाद लगभग एक घंटे तक टीम को झटका नहीं लगने दिया। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छा आधार दिया लेकिन मध्यक्रम के अन्य बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा पाए जिससे 27वें ओवर तक 94 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन पहुंच गई।
हाउरित्ज ने रेडमंड को चकमा देकर उन्हें टिम पैने के हाथों स्टंप आउट कराया जिससे कीवी टीम के मध्यक्रम के पतन की कहानी शुरू हुई। हाउरित्ज ने इसके बाद गुप्टिल को अपनी ही गेंद पर कैच किया जिन्होंने अपनी पारी में 64 गेंद खेली और तीन चौके लगाए, इनमें से दो चौके उन्होंने 15वें ओवर में मिशेल जानसन पर जमाए। न्यूजीलैंड की रीढ़ कहे जाने वाले रोस टेलर [6] और पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार पारी खेलने वाले ग्रांट इलियट [9] नहीं चल पाए। टेलर ने जानसन की आफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर माइकल हसी को कैच थमाया तो ली ने इलियट को एलबीडब्ल्यू करके न्यूजीलैंड की हालत खस्ता की।
ब्रूम और फ्रेंकलिन ने विकेट गिरने का क्रम रोका और छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। इन दोनों पर स्वाभाविक रूप से क्रीज पर टिके रहने का दबाव था और ऐसे में उन्होंने पूरी सतर्कता बरती। न्यूजीलैंड ने 39वें ओवर में बल्लेबाजी पावरप्ले लिया जिसके पांच ओवर में उसने 40 रन बनाए लेकिन इस बीच अपने दोनों जमे हुए बल्लेबाजों को भी गंवाया। ब्रूम रन लेने में हिचकिचाहट और इसके कारण बने गफलत के हालात में रन आउट हो गए जबकि इसके अगले ओवर में फ्रेंकलिन को ली ने यार्कर पर बोल्ड किया।
ब्रूम ने 62 गेंद खेली और पांच चौके लगाए जबकि फ्रेंकलिन की 43 गेंद की पारी में चार चौके शािमल हैं। हाउरित्ज ने इयान बटलर के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया जबकि कप्तान रिकी पोंटिंग ने क्षेत्ररक्षण में अपनी चपलता का बेहतरीन नमूना पेश करके काइल मिल्स [12] को रन आउट किया। जीतन पटेल [16] ने ली की पारी की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर स्कोर 200 रन तक पहुंचाया।
|