| जोहानिसबर्ग, 05 अक्टूबर 09
न्यू जीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तानी बल्लेबाज उमर अकमल को खराब अंपायरिंग का शिकार बनना पड़ा था। पाकिस्तानी मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अकमल को गलत आउट दिए जाने पर दोनों अंपायरों ने इस खिलाड़ी से माफी मांगी है।
शनिवार को जोहानिसबर्ग के न्यू वांडरर्स मैदान पर न्यू जीलैंड के खिलाफ मैच में अकमल को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया गया था। तब 19 वर्षीय अकमल ने अंपायरों के फैसले पर नाराजगी का इजहार किया था। इसके बाद यह मामला मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ तक पहुंचा। भारत के पूर्व गेंदबाज और रेफरी श्रीनाथ ने मैच के बाद पाकिस्तानी कोच इंतिखाब आलम और दोनों अंपायरों ऑस्ट्रेलियाई साइमन टाफेल व इंग्लैंड के इयान गोल्ड को बुलाकर उनके पक्ष को सुना। रेफरी ने दोनों अंपायरों के साथ अलग से भी सुनवाई की।
पाकिस्तान के एक प्रमुख समाचार पत्र के मुताबिक मैच रेफरी ने इस मामले में अकमल को बरी कर दिया। अखबार का कहना है कि दोनों अंपायरों ने गलत फैसले के लिए अकमल से माफी मांगी। उस मैच में पाकिस्तानी टीम को न्यूजीलैंड के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था और इसके साथ वह खिताबी दौड़ से बाहर हो गई। |