CricKhabar.Com
फीचर: आंकडों में
पाकिस्‍तान या ऑस्‍ट्रेलिया सबके खिलाफ बोला है सचिन का बल्‍ला
टेस्‍ट खेलने वाली टीमों में वेस्टइंडीज एकमात्र ऐसी टीम है जिसके खिलाफ वनडे क्रिकेट में सचिन का बल्‍लेबाजी औसत 50 से ऊपर है।टे
सचिन के बल्‍ले का जलवा

नई दिल्ली, 20 सितंबर 09

श्रीलंका के खिलाफ कॉम्‍पैक कप का फाइनल। इस मैच में सचिन ने सैकड़ा जड़कर दिखा दिया कि अभी भी उनमें रनों की भूख बाकी है। सचिन की यही भूख चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के लिए मददगार साबित हो सकती है। इसके साथ ही चैंपियंस ट्राफी के लीग चरण में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज से होगा और इन टीमों के खिलाफ उन्‍होंने बेहरतीन प्रदर्शन किया है।

दुनिया की हर टीम को सचिन के बल्‍ले की मार झेलनी पड़ी है। लेकिन, ऑस्‍ट्रेलिया और पाकिस्‍तान के‍ खिलाफ खुद सचिन भी किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहेंगे। आंकड़ें भी इस बात की तस्‍दीक करते हैं कि मास्‍टर ब्‍लास्‍टर का बल्‍ला इन टीमों के खिलाफ जमकर बोला है। सबसे बुरी खबर वेस्‍टइंडीज के लिए है। टेस्‍ट खेलने वाली टीमों में  वेस्टइंडीज एकमात्र ऐसी टीम है जिसके खिलाफ वनडे क्रिकेट में सचिन का बल्‍लेबाजी औसत 50 से ऊपर है। तेंदुलकर ने अब तक कुल 428 वनडे मैच खेले हैं और इन मैचों में उन्‍होंने 44.57 के औसत से 16,895 रन बनाए हैं। ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ उन्‍होंने 2730 रन बनाए हैं, इनमें आठ शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। दुनिया की नंबर एक टीम के खिलाफ उनका औसत 46.27 है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी 66 मैच में पांच शतक और 14 अर्धशतक की मदद से 2381 रन बनाए हैं। इन दोनों टीमों के अलावा उन्होंने केवल श्रीलंका के खिलाफ 2000 से अधिक रन (2749) बनाए हैं।

वेस्टइंडीज के‍ खिलाफ उन्‍होंने 38 ही मैच खेले हैं, लेकिन इन्‍हीं मैचों में उन्‍होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ जमकर रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनके नाम पर 54.17 के औसत से 1571 रन दर्ज हैं। यह भी एक संयोग ही कहा जाएगा कि पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका सर्वाधिक स्कोर 141 रन है जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी सबसे बड़ी पारी 143 रन की है। अब सबसे अहम बात यह है कि  तेंदुलकर ने इन तीनों टीमों के खिलाफ तटस्थ स्थान पर हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है और चैंपियंस ट्राफी भी दक्षिण अफ्रीका में खेली जाएगी। इसमें भारत 26 सितंबर को पाकिस्तान, 28 सितंबर को आस्ट्रेलिया और 30 सितंबर को वेस्टइंडीज से भिड़ेगा। तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ तटस्थ स्थानों पर जो 15 मैच खेले हैं उनमें उन्होंने 51.73 की औसत से 776 रन बनाए हैं जिसमें चार शतक शामिल हैं। यह अलग बात है कि इस टीम के खिलाफ तटस्थ स्थान पर उन्होंने अपना अंतिम शतक 1998 में लगाया था और संयोग देखिए कि 141 रन की यह पारी उन्होंने ढाका में पहली चैंपियंस ट्राफी में खेली थी।

दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर तेंदुलकर ने दो बार रिकी पोंटिंग की टीम का सामना किया। ये दोनों मैच विश्व कप 2003 में खेले गए जिसमें लीग चरण में उन्होंने सेंचुरियन में 36 रन बनाए जबकि जोहांसबर्ग में खेले गए फाइनल में वह केवल चार रन ही बना पाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तेंदुलकर ने हालांकि तटस्थ स्थान पर अंतिम मैच 2006 में कुआलालंपुर में खेला था, लेकिन फरवरी-मार्च 2008 में ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर उन्होंने कॉमनवेल्‍थ बैंक त्रिकोणीय सीरीज में खूब रन बटोरे थे। फाइनल में सिडनी में नाबाद 117 और ब्रिस्बेन में 91 रन की उनकी पारी को भला कौन भूल सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ तटस्थ स्थानों पर तेंदुलकर ने अधिकतर मैच शारजाह या टोरंटो में खेले। इस तरह के 39 मैच में उन्होंने 43.81 की औसत से 1146 रन बनाए जबकि अपने इस पड़ोसी देश के खिलाफ उन्होंने भारतीय सरजमीं पर 32.50 और पाकिस्तानी धरती पर 36.92 की औसत से रन बनाए हैं।

तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीकी धरती पर पाकिस्तान के खिलाफ एकमात्र मैच सेंचुरियन में 2003 में खेला था और उसमें उन्होंने 98 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के खिलाफ अंतिम मैच 2007 में भारतीय सरजमीं पर द्विपक्षीय सीरीज में खेले थे और तब उन्होंने चार मैच में 99, 29, 97, और 30 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी।

कैरेबियाई टीम के खिलाफ भी तटस्थ मैदानों पर तेंदुलकर के बल्ले ने ज्यादा रन उगले हैं। ऐसे 16 मैच में उन्होंने 678 रन बनाए हैं जिसमें उनका औसत 61.63 रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्होंने अंतिम मैच 2007 में खेला था। दोनों देशों के बीच भारत में खेली गई सीरीज के अंतिम दो मैच में उन्होंने चेन्नई में 60 और वड़ोदरा में नाबाद 100 रन बनाए थे।

User Comments
Bookmark and Share
 
Currently no comments posted. Be the first one to post a comment.



OUR NETWORK
About Us  |  Contact Us  |  Feedback  |  Advertise With Us  |  Disclaimer  |  Careers
 
© CricKhabar.Com 2008 All right Reserved
mediaguru.in iplnewsonline.com mediamughals.com cricfield.com Live Score Features PhotoGallery Fixture